भोपाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छ भारत दिवस-2024 समारोह में नई दिल्ली से मध्यप्रदेश को अनेक विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने ग्वालियर में बनी देश की पहली आधुनिक और आत्म-निर्भर गौ-शाला और परिसर में निर्मित कम्प्रेस्ड बायो गैस संयंत्र का वर्चुअली शुभारंभ भी किया। स्वच्छता दिवस पर कुशाभाऊ इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर भोपाल में आयोजित स्वच्छता पखवाड़े के राज्य स्तरीय समापन समारोह में स्वच्छ भारत मिशन और अमृत योजना में 685 करोड़ रुपये की लागत की परियोजनाओं का भूमि-पूजन और लोकार्पण हुआ। साथ ही नगर निगम भोपाल के उपकरणों तथा विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा स्वच्छ भारत मिशन और अमृत योजना अंतर्गत प्रदेश के लिए 685 करोड़ रूपए की लोक-कल्याणकारी परियोजनाओं के भूमि-पूजन और लोकार्पण के लिए आभार माना। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर आदर्श गौ-शाला ग्वालियर के 100 टन क्षमता बॉयो सीएनजी प्लांट का वर्चुअल शुभारंभ भी किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वच्छता ही सेवा-2024 अभियान अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिक व संस्थाओं को सम्मानित किया। स्वच्छता सर्वेक्षण-2022 में नगर निगम उज्जैन को थ्री-स्टार रेटिंग मिलने पर उज्जैन के 2 हजार 115 सफाई मित्रों को प्रोत्साहन स्वरूप 3-3 हजार रुपये की राशि प्रदान करने के लिए 63 लाख 45 हजार रुपये की राशि सिंगल क्लिक से नगर निगम उज्जैन को अंतरित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन के स्वच्छता मित्रों से वर्चुअली आत्मीय संवाद किया तथा कार्य के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नगर निगम शासकीय सेवा में कर्तव्य पालन के दौरान दिवंगत 26 कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति के प्रमाण पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल नगर निगम के 125 नए डोर-टू-डोर सीएनजी वाहनों, 6 नए हुक लोडर, दो श्रेडर मशीन तथा एक लिटर पिकिंग मशीन का अवलोकन किया तथा मंच से झंडी दिखाकर उनका लोकार्पण किया।