ढाका: बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) ने सुप्रीम कोर्ट के रिटायर जज को भारत के साथ लगती पूर्वोत्तर सीमा से गिरफ्तार किया है। कथित तौर पर उनकी गिरफ्तारी तब की गई, जब वह देश छोड़कर भारत आने की कोशिश कर रहे थे। बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) ने शुक्रवार देर रात इसकी जानकारी देते हुए बताया कि बांग्लादेश के सुप्रीम कोर्ट के रिटायर जज शम्सुद्दीन चौधरी माणिक को उन्होंने देश से भागने की कोशिश करते हुए पकड़ा है। बीजीबी के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर शरीफुल इस्लाम ने माणिक की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। माणिक को देर रात तक बीजीबी चौकी में ही रखा गया था।
