रायपुर: छत्तीसगढ़ बीजेपी के सीनियर लीडर बृजमोहन अग्रवाल अब सांसद बन गए हैं। उनकी विधानसभा सीट रिक्त घोषित कर दी गई है। जिसके बाद रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है। उपचुनाव के लिए अभी तारीखों की घोषणा नहीं हुई है। हालांकि प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रशासन वोटर लिस्ट अपडेट कर रहा है वहीं, वोटर लिस्ट में नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। दूसरी तरफ बीजेपी और कांग्रेस ने भी अपनी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। दोनों पार्टी के दावेदार पार्टी के सीनियर नेताओं के साथ अपनी लॉबी बना रहे हैं तो कुछ नेता दिल्ली के चक्कर काट रहे हैं। बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती है बृजमोहन अग्रवाल का उत्तराधिकारी खोजना।
बीजेपी सूत्रों के अनुसार, बीजेपी रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट पर एक सर्वे करवा रही है। इसी सर्वे के आधार पर उम्मीदवार को फाइनल किया जाएगा। इसके अलावा कहा यह भी जा रहा है कि बीजेपी ने जो फॉर्म्यूला विधानसभा और लोकसभा चुनाव में अपनाया था वह उपचुनाव में भी लागू कर सकती है।