रायपुर: लोकसभा चुनाव के रिजल्ट से पहले 1 जून को एग्जिट पोल जारी किए गए। अब एग्जिट पोल को लेकर सियासत तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा राज्य में भाजपा सभी 11 सीटों पर जीत हासिल करेगी। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दावा किया कि उनकी पार्टी राज्य में भाजपा से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी। एग्जिट पोल में एनडीए को बढ़त दिखाए जाने पर साय ने कहा, ”प्रारंभ से ही लग रहा था कि पूरे देश का आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी और देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को मिलेगा। पूरा देश चाहता है कि मोदी जी तीसरी बार सरकार की बागडोर संभालें। पूरे देश में वातावरण अच्छा था, छत्तीसगढ़ में भी हम सभी 11 सीटें जीतने जा रहे हैं।”