नई दिल्ली : विभिन्न किसान संगठनों के दिल्ली कूच करने के आह्वान के बाद किसानों ने दिल्ली की तरफ बढ़ना शुरू कर दिया है। हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर पर पुलिस और किसानों के बीच संग्राम शुरू हो गया है। पुलिस ने ड्रोन के जरिये किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े हैं। इस विरोध प्रदर्शन के लिए यूपी के साथ ही हरियाणा और पंजाब के किसान दिल्ली बढ़ रहे हैं। दिल्ली चलो मार्च को करीब 200 से अधिक संगठनों का समर्थन प्राप्त हैं। इसमें संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) किसान मजदूर संघर्ष समिति प्रमुख हैं। खास बात है कि दिल्ली कूच करने के आह्वान में इस बार भारतीय किसान यूनियन शामिल नहीं है। दूसरी तरफ संयुक्त किसान मोर्चा के साथ भारतीय किसान यूनियन ने 16 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया है। ऐसे में जानते हैं कि आखिर किसान आंदोलन 2.0 में कौन-कौन शामिल है।