नई दिल्ली: पेटीएम के शेयर में लगातार गिरावट देखी जा रही है। पेटीएम पेमेंट बैंक (Paytm Payments Bank) पर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के एक्शन के बाद शेयर में गिरावट आई है। पेटीएम के फाउंडर विजय शेखर शर्मा ने साल 2010 में पेटीएम की शुरुआत की थी। विजय शेखर शर्मा आज अरबपति हैं। लेकिन एक समय ऐसा भी था जब उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। यूपी के अलीगढ़ जिले के छोटे से गांव के निवासी विजय शेखर शर्मा ने अपनी मेहनत के दम पर सफलता की ऊंचाईयों को छुआ है। विजय शेखर शर्मा आज भारतीय युवा कारोबारियों के लिए प्रेरणास्त्रोत बन गए हैं। विजय शेखर शर्मा उन लोगों में से हैं जिन्होंने दुनिया से अलग खड़े होना तो चुना मगर असफलताओं से हारे नहीं। विजय शेखर के शुरुआती पढ़ाई अलीगढ़ के छोटे से कस्बे हरदुआगंज के एक हिंदी मीडियम स्कूल से हुई है। इसके बाद दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से उन्होंने बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। इससे पहले उनकी पूरी पढ़ाई हिंदी मीडियम में हुई थी।
