उद्योगों की प्रगति में ही मध्यप्रदेश की समृद्धि निहित है। प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़े, अधिक से अधिक उद्योग यहां स्थापित हों। प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो, हम सुशासन और सुव्यवस्थाओं को स्थापित करें, प्रदेश सरकार का यही संकल्प है। यह विचार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रायसेन जिले के तामोट में टेक्सटाईल उद्योग क्षेत्र में सागर ग्रुप की एसएमपीएल इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल इंडस्ट्री की नवनिर्मित इकाई का उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारा मध्यप्रदेश विकास के मामले में नम्बर वन बने, इसके लिए सरकार निरंतर काम कर रही है। समग्र व्यवस्था के सशक्त विकास में सबसे बड़ा योगदान रोजगार व्यवस्था का है। उद्योगों से समृद्धि आती है। प्रदेश के समृद्ध होने के साथ-साथ नागरिकों को रोजगार मिलता है, आर्थिक विकास होता है। देश-दुनिया में पहचान बनती है। उन्होंने कहा कि म.प्र. में विकास के कार्य किए जा रहे हैं। यहां अधिक से अधिक उद्योग स्थापित हों, यह प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश के ही उद्यमी यहाँ उद्योग खोलें, इसके लिए प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में सभी योजनाओं के बेहतर संचालन में नित नए आयाम जोड़े जा रहे हैं।