मास्को: यूक्रेन युद्ध को लेकर चल रहे तनाव के बीच रूस ने परमाणु हमले का अभ्यास किया है। इस दौरान रूस की सेना ने हिरोशिमा के परमाणु बम से 100 गुना ताकतवर न्यूक्लियर मिसाइल को दागकर नाटो देशों को डराने की कोशिश की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रूस ने यार्स अंतरमहाद्वीपीय मिसाइल का देश के उत्तरी इलाके से परिक्षण किया। हिरोशिमा हमले के दौरान अमेरिका ने 15 किलोटन का परमाणु बम गिराया था लेकिन यार्स मिसाइल 150 किलोटन के 10 परमाणु बम ले जा सकती है। इससे परमाणु बमों से लैस यार्स मिसाइल एक बार दागे जाने के बाद हिरोशिमा परमाणु हमले से 100 गुना ज्यादा तबाही मचा सकती है।
रूस की सेना की ओर से एक वीडियो जारी किया गया है जिसमें रात के अंधेरे में एक मिसाइल को आग की लपटें छोड़ते हुए जाते दिखाया गया है। इस परमाणु हमले के ड्रिल के दौरान एक परमाणु सबमरीन और दो टीयू-95 एमएस परमाणु बॉम्बर का इस्तेमाल किया गया। द सन की रिपोर्ट के मुताबिक सिनेवा मिसाइल को बैरंट सी में परमाणु सबमरीन टूला से दागा गया था। इस ड्रिल को इस तरह से डिजाइन किया गया था कि दुश्मन के परमाणु हमले का रूसी सेना को जवाब देना है।