अमेरिकी वायुसेना का F-35 लड़ाकू विमान उड़ान के समय रविवार को गायब हो गया था। सोमवार को साउथ कैरोलिना में इस विमान का मलबा मिला है। अमेरिकी मरीन कॉर्प्स ने इसकी जानकारी दी। फाइटर जेट गायब होने के बाद स्थानीय लोगों से उसे ढूंढने में मदद मांगी गई थी।
अल जजीरा के मुताबिक, लड़ाकू विमान को साउथ कैरोलिना के 2 झीलों के पास ढूंढा जा रहा था। प्लेन का मलबा जॉइंट बेस चार्ल्सटन के उत्तर पूर्व भाग में 2 घंटे की दूरी पर मिला है। रविवार को उड़ान के दौरान एक लड़ाकू विमान खराब हो गया था। इसके बाद पायलट ने खुद को प्लेन से इजेक्ट कर लिया था। फाइटर जेट काफी देर तक ऑटो मोड में उड़ने के बाद दोपहर करीब 2 बजे गायब हो गया था।
F-35 के खराब होने पर छानबीन जारी
जॉइंट बेस चार्ल्सटन के मास्टर सार्जेंट हीथर स्टैंटन के मुताबिक साउथ कैरोलिना के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर प्लेन का सर्च ऑपरेशन चल रहा था। मौसम ठीक होने के बाद साउथ कैरोलिना के कानून विभाग का एक हेलिकॉप्टर भी खोज में शामिल हो गया था।