रायपुर: छत्तीसगढ़ में इसी साल विधानसभा के चुनाव होंगे। विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस संभागीय कार्यकर्ता सम्मेलन कर रही है। मंगलवार को सरगुजा संभाग में आयोजित संभागीय कार्यकर्ता सम्मेलन में हेल्थ मिनिस्टर टीएस सिंहदेव भी शामिल हुए। इस दौरान टीएम सिंहदेव ने कई अहम खुलासे किए। सीएम भूपेश बघेल के साथ मनमुटाव की खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा कि राज्य में सरकार बनने के बाद से ऐसी खबरें सामने आ रही हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। टीएस सिंहदेव सोमवार को ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के दौरे से लौटे हैं।
संभागीय बैठक में टीएस सिंहदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद मैं, भूपेश बघेल और राजेश तिवारी साथ थे। लेकिन सत्ता आने के बाद खबर आती हैं कि हमारे बीच मनमुटाव है, लेकिन ऐसा नहीं है। टीएस सिंह देव ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी।