ओडिशा रेल हादसा…CBI ने बहनगा स्टेशन को सील किया

ओडिशा रेल हादसा…CBI ने बहनगा स्टेशन को सील किया

ओडिशा रेल हादसे की जांच में CBI जुटी हुई है। जांच एजेंसी ने बहनगा स्टेशन को सील कर दिया है। अगले आदेश तक इस स्टेशन पर कोई भी पैसेंजर ट्रेन या मालगाड़ी नहीं रुकेगी। हर दिन यहां से करीब 170 ट्रेन गुजरती हैं। हादसे के बाद 7 ट्रेन रुक रही थीं। यह जानकारी न्यूज एजेंसी ANI ने रेलवे अधिकारी आदित्य कुमार चौधरी के हवाले से दी है।

रेलवे अधिकारी चौधरी ने बताया कि CBI ने जांच के दौरान स्टेशन में मौजूद सभी दस्तावेज चेक किए। लॉग बुक, रिले पैनल और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त कर ली है।

बता दें कि 2 जून को ओडिशा के बालासोर में दो सुपरफास्ट एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी की टक्कर हुई, जिसमें 288 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे में 1208 लोग घायल हुए थे।

दुर्घटनास्थल पर भी CBI ने जांच की
रेलवे अधिकारी ने बताया कि CBI की दो सदस्यीय टीम शुक्रवार को दुर्घटनास्थल पहुंची थी। एजेंसी ने यहां कई जगहों से कुछ जरूरी सबूत इकट्ठा किए। इसके बाद करीब 2 घंटे तक पैनल और रिले रूम की जांच की। टीम ने दोनों रूम और डेटा लॉकर को सील कर दिया। माना जा रहा है कि CBI को हादसे से जुड़े कुछ अहम सबूत मिल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *