ऑपरेशन कावेरी के तहत भारत सरकार संकटग्रस्त सूडान से भारतीय लोगों की वतन वापसी कर रही है। साऊदी अरब के शहर जेद्दाह से 360 लोगों का पहला दल भारत पहुंच चुका है।
हिंसाग्रस्त सूडान से सऊदी अरब लाए गए 360 भारतीयों को लेकर पहली उड़ान ने जेद्दा हवाई अड्डे से उड़ान भरी और बुधवार 26 अप्रैल को रात करीब 9 बजे भारत पहुंची। ‘ऑपरेशन कावेरी’ के तहत भारतीय वायु सेना (आईएएफ) द्वारा पोर्ट सूडान से सऊदी अरब में जेद्दा तक भारतीय नागरिकों को एयरलिफ्ट किया जा रहा है, जबकि अन्य को जहाज द्वारा ले जाया गया है। सूडान में सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच युद्ध जैसे हालात हैं। सूडान में दोनों गुटों ने सोमवार को अमेरिका और सऊदी अरब द्वारा मध्यस्थता के बाद 72 घंटे के युद्धविराम के लिए सहमति व्यक्त की थी। जिसके बाद से सभी देश अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने में लगे हैं।
\’भारत माता की जय’, भारतीय सेना जिंदाबाद, पीएम नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’ के नारे भारतीय नागरिकों ने लगाए क्योंकि वे संघर्षग्रस्त सूडान से दिल्ली पहुंचे। सूडान से लौटे एक भारतीय नागरिक ने कहा, भारत सरकार ने हमारा बहुत समर्थन किया। यह बड़ी बात है कि हम यहां सुरक्षित पहुंच गए क्योंकि यह बहुत खतरनाक था। मैं पीएम मोदी और भारत सरकार को धन्यवाद देता हूं।