पश्चिम बंगाल में हावड़ा और उत्तरी दिनाजपुर के बाद हुगली में एक शोभायात्रा में दो गुट आपस में भिड़ गए। भाजपा ने कहाकि, ममता सरकार कुछ ऐक्शन नहीं ले रही है। उधर बंगाल प्रदेश अध्यक्ष सुकांता मजूमदार ने कहाकि, टीएमसी की राजनीतिक साजिश है।
पश्चिम बंगाल में रामनवमी पर शुरू हुई हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही है। हावड़ा और उत्तरी दिनाजपुर के बाद हुगली में एक शोभायात्रा में दो गुट आपस में भिड़ गए। हुगली में भाजपा की शोभायात्रा के दौरान जमकर बवाल और पथराव हुआ। बताया जा रहा है कि, हुगली के रिशरा में हिंदू संगठन शोभायात्रा निकाल रहे थे। जुलूस में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष भी शामिल थे। दिलीप घोष के जाने के बाद, अचानक दो संप्रदायों में मारपीट शुरू हो गई। हिंसा में उपद्रवियों ने आगजनी की घटना को अंजाम दिया। घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा, शोभा यात्रा में महिलाओं और बच्चों पर पथराव हुआ। राज्य सरकार हावड़ा हिंसा के बाद भी कोई ऐक्शन नहीं ले रही है।