विमेंस प्रीमियर लीग में सोमवार के दूसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 9 विकेट से हरा दिया। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में दिल्ली ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी। मुंबई ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 109 रन बनाए। दिल्ली ने 9 ही ओवर में इसे हासिल कर लिया।
दिल्ली से शेफाली वर्मा ने 33 रन बनाए। मेग लेनिंग 32 और एलिस कैप्सी 38 रन के स्कोर पर नाबाद रहीं। मुंबई से हेली मैथ्यूज ने एक विकेट लिया।
पहले नंबर पर पहुंची दिल्ली
मुंबई के खिलाफ बड़ी जीत के साथ दिल्ली की टीम पॉइंट्स टेबल में 10 पॉइंट्स के साथ पहले नंबर पर पहुंच गई है। मुंबई 10 पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर है। दिल्ली का रन रेट 1.98 और मुंबई का 1.73 है, इसीलिए दिल्ली टॉप पर है। दिल्ली का आखिरी मुकाबला यूपी और मुंबई का बेंगलुरु से होगा।