इस बार होली पर सरकार आपको सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में निवेश करने का मौका दे रही है। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम 2022-23 की चौथी सीरीज सोमवार यानी आज से खुल गई है। इसमें 10 मार्च तक निवेश का मौका है। इस बार सरकार ने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड के लिए 5,611 रुपए प्रति ग्राम का भाव तय किया है।
ऑनलाइन अप्लाय करने पर प्रति ग्राम 50 रुपए का डिस्काउंट
ऑनलाइन अप्लाय करने और डिजिटल पेमेंट करने पर प्रति ग्राम 50 रुपए का डिस्काउंट मिलेगा। यानी, आपको 1 ग्राम सोने के लिए 5,561 रुपए देने होंगे। इस हिसाब से आपको 10 ग्राम सोने के 55,610 रुपए चुकाने होंगे।
सर्राफा बाजार में 56,108 रुपए पर सोना
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक, सर्राफा बाजार में सोमवार यानी 6 मार्च को 24 कैरेट सोना 56,108 रुपए प्रति 10 ग्राम पर है। यानी 1 ग्राम सोने का दाम 5,610 रुपए हुआ।