नई दिल्ली2
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि आज मेरी गिरफ्तारी हो सकती थी। मुझे सुबह से ही आशंका थी कि भाजपा मुझे अरेस्ट करवाएगी, लेकिन मैं गिरफ्तारी से नहीं डरता हूं और न ही CBI के सवालों से भाग रहा हूं। मैं CBI के हर सवाल का जवाब दूंगा।
दरअसल, सिसोदिया को CBI ने आज शराब घोटाला मामले में पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वे नहीं गए। उन्होंने कहा कि दिल्ली बजट 2023-24 की तैयारी चल रही है और मैं इसी काम में बिजी हूं। इसलिए मुझे एक हफ्ते का समय दिया जाए।
वहीं, CBI ने सिसोदिया को आज के लिए राहत दे दी है। अधिकारियों ने कहा कि पूछताछ के लिए जल्द ही दूसरा समन जारी किया जाएगा।
सिसोदिया बोले- सवालों से नहीं भाग रहा
मनीष सिसोदिया ने मामले में कहा कि मुझे कल CBI का नोटिस मिला था और आज ही पूछताछ के लिए बुला लिया। इस समय मैं दिल्ली का बजट बनाने के काम में लगा हूं। बजट के काम में देरी नहीं हो, इसलिए एक-एक दिन मेरे लिए अहम हैं। मैं चाहता हूं कि बजट के काम में इसका असर न हो।