टीम इंडिया ने लगातार चौथी बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। भारत ने दिल्ली टेस्ट के तीसरे ही दिन ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हरा कर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। इसके साथ ही BGT पर भारत का कब्जा बरकरार रहना तय हो गया।
रवींद्र जडेजा भारत की इस जीत के हीरो रहे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में 42 रन देकर 7 विकेट लिए। यह जडेजा का टेस्ट में बेस्ट परफॉर्मेंस है। इससे कंगारू टीम सिर्फ 113 रन के स्कोर पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में एक रन की बढ़त मिली थी, इसलिए भारत को जीत के लिए 115 रन का टारगेट मिला, जिसे हमारी टीम ने 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। चेतेश्वर पुजारा और कप्तान रोहित शर्मा ने 31-31 रन बनाए। विराट कोहली ने 20 रन की पारी खेली।
ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 263 और भारत ने 262 रन बनाए थे।