हिंडेनबर्ग की रिपोर्ट के बाद भी अडाणी एंटरप्राइजेज का फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफर (FPO) तीसरे और आखिरी दिन फुल सब्सक्राइब हो गया है। अडानी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का 20 हजार करोड़ रुपए का FPO आखिरी दिन 1.12 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं तीसरे दिन 4,55,06,791 शेयरों के टोटल ऑफर साइज के मुकाबले 5,00,84,096 शेयरों के लिए बिड्स मिली हैं।
QIB पोर्शन 1.26 गुना बुक किया गया
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बिडर्स (QIBs) के लिए रिजर्व्ड कोटा को 1.26 गुना बुक किया गया। जबकि नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स को 3.32 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। एम्प्लॉई कोटे के लिए 55% बिड्स मिली हैं। जबकि, रिटेल इन्वेस्टर के लिए रिजर्व्ड कोटे के लिए 12% बिड्स मिलीं।
पहले दिन सिर्फ 1% सब्सक्रिप्शन मिला था
एक्सचेंजों के आंकड़ों के मुताबिक, दूसरे दिन सोमवार को FPO को महज 3% और पहले दिन सिर्फ 1% सब्सक्रिप्शन मिला। इस ऑफर का प्राइस बैंड 3,112-3,276 रुपए प्रति शेयर रखा गया था। रिटेल बिड्स कम रहने की ही उम्मीद थी, क्योंकि शेयर की कीमत FPO प्राइस बैंड से कम ही चल रही है। हालांकि, FPO में रिटेल निवेशकों को 64 रुपए प्रति शेयर की छूट भी दी गई थी।