साल का पहला ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन शुरू हो चुका है और पिछले सीजन में टीकाकरण विवाद के कारण टूर्नामेंट से हटे नोवाक जोकोविच ने जीत से शुरुआत की है। वर्ल्ड नंबर-5 जोकोविच को इस बार चौथी वरीयता दी गई है। जोकोविच ने 2021 में ऑस्ट्रेलियन ओपन का टाइटल जीता था।
सोमवार को पहले मेजर टूर्नामेंट में जोकोविच के अलावा वर्ल्ड नंबर-2 कैस्पर रूड, एंडी मरे और एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने भी पहले राउंड में जीत हासिल की है।
विमेंन सिंगल्स में स्पेन की गार्बिन मुगुरुजा उलटफेर का शिकार हो गई हैं।
एक घंटे में जीते जोकोविच
10वीं बार टाइटल जीतने उतरे सर्बियन स्टार नोवाक जोकोविच ने पहले राउंड में एक घंटे तक चले मुकाबले में स्पेन के रॉबर्टो कार्बोले बेना को 6-3, 6-4, 6-0 से हराया।
नोवाक ने पहला सेट 6-3 से जीता। उसके बाद दूसरे सेट को भी इसी अंतर से अपने नाम किया। जोकोविच आखिरी सेट में और आक्रामक हुए और 6-0 की जीत हासिल की।
दूसरे दौर में नोवाक का मुकाबला 19 जनवरी को होगा। हालांकि, उनका प्रतिद्वंद्वी कौन होगा। अब तक यह तय नहीं है।