भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 86 रन पर 3 विकेट गंवा दिए हैं। मीरपुर में शुक्रवार को मुकाबले के दूसरे दिन का खेल जारी है और पहला सेशन समाप्त हो चुका है। लंच पर विराट कोहली और ऋषभ पंत बनाकर नाबाद हैं। बांग्लादेश की ओर से तैजुल इस्लाम ने तीनों विकेट लिए। फिलहाल, भारतीय टीम 141 रनों से पीछे है।
पहले दिन बांग्लादेश की पहली पारी 227 रन पर समाप्त हुई।
पहला सेशन : तैजुल इस्लाम के नाम रहा
दिन का पहला सेशन मेजबान टीम के गेंदबाज तैजुल इस्लाम के नाम रहा। तैजुल ने भारतीय टीम के टॉप-3 बल्लेबाजों को चलता कर दिया। उन्होंने कप्तान केएल राहुल (10), शुभमन गिल (20) और चेतेश्वर पुजारा (24) को आउट किया।
पुजारा के 7 हजार टेस्ट रन पूरे
पहले सेशन में अनुभवी टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा (24) ने टेस्ट में 7 हजार रन पूरे कर लिए हैं। उनके 7,008 रन हो गए हैं। पुजारा ने 167 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की है। पुजारा ने अपना नाम सचिन तेंदुलकर, राहुल द्राविड़, सुनील गावस्कर, वीवीएस लक्ष्मण, वीरेंद्र सहवाग, विराट कोहली, सौरव गांगुली जैसे दिग्गजों के साथ जोड़ लिया है।