पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने पूर्व सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा पर साजिश करके उनकी सरकार गिराने का आरोप लगाया है। इमरान ने कहा- बाजवा ने देश पर चोरों को थोप दिया था। लेकिन उनके साथ मेरा ये विवाद व्यक्तिगत है। सत्ता में वापसी करने पर मैं बाजवा के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करुंगा। इमरान ने रविवार को अपने लाहौर वाले घर में काउंसिल ऑफ पाकिस्तान न्यूजपेपर एडिटर्स (CPNE) के प्रतिनिधियों से ये बातें कहीं।
इस दौरान उन्होंने बताया- नए चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (COAS) जनरल आसिम मुनीर ने कहा है कि वे निष्पक्ष रहेंगे। लेकिन विधानसभा भंग होने के तीन महीने के भीतर चुनाव कराना उनकी निप्षक्षता की सबसे बड़ी परीक्षा होगी।
बाजवा के लिए भ्रष्टाचार कोई मुद्दा ही नहीं था
इमरान ने कहा- मैंने जनरल बाजवा से कहा था कि अगर हम सबसे ज्यादा करप्शन करने वाले 10-12 लोगों को पकड़ लेते हैं तो बाकी सब सही रास्ते पर आ जाएंगे। लेकिन मुझे बाद में पता चला कि जनरल बाजवा के लिए भ्रष्टाचार कोई मुद्दा ही नहीं था। मैंने जनरल बाजवा को पीएम शहबाज शरीफ के 16 बिलियन रुपए के भ्रष्टाचार मामलों में शामिल होने के बारे में भी जानकारी दी थी।