तेलंगाना में उपचुनाव में प्रचार कर रहे TRS और भाजपा वर्कर्स के बीच मंगलवार को झड़प हो गई। घटना नलगोंडा की है। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है। वीडियों में दोनों पार्टी के कार्यकर्ता एक-दूसरे पर पत्थरबाजी करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच लाठियां भी चलीं। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला।
3 नवंबर को होने हैं उपचुनाव
दरअसल, 3 नवंबर को तेलंगाना की मुनुगोड़े विधानसभा सीट पर उपचुनाव हैं। इसे लेकर दोनों पार्टी जोर-शोर से प्रचार में लगी हैं। मंगलवार को उपचुनाव के प्रचार का आखिरी दिन था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पार्टियों में विवाद हो गया।
मुनुगोड़े विधानसभा क्षेत्र में वोटर्स की संख्या करीब 2.41 लाख है। इनमें 1,21,720 पुरुष और 1,20,128 महिलाएं हैं, जिसमें 60% से ज्यादा वोटर्स पिछड़े वर्गों के हैं।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने भाजपा पर अपने विधायकों को खरीदने का आरोप लगाया था। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा था- दिल्ली के दलाल हमारे विधायकों को रिश्वत देकर खरीदने का काम कर रहे हैं। तेलंगाना के एक फार्महाउस में हमारे 4 विधायकों को 100 करोड़ रुपए की पेशकश की गई, लेकिन KCR के विधायक बिकने वाले नहीं।