राइट विंग नेता जियॉर्जिया मेलोनी इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री बन गई हैं। इसी के साथ इटली में ब्रदर्स ऑफ इटली पार्टी की नई सरकार का गठन हो गया है। 45 साल की जियॉर्जिया और उनके कैबिनेट मंत्रियों ने शनिवार को शपथ ली। चार साल पहले मात्र 4.13% वोट पाने वाली मेलोनी की पार्टी को इस बार 26% वोट मिले।
दूसरे विश्वयुद्ध के बाद इटली में ये पहली बार है जब राइट विंग का कोई नेता प्रधानमंत्री की गद्दी संभालेगा। जॉर्जिया की पार्टी इटली के तानाशाह रहे मुसोलिनी की समर्थक हैं। अप्रवासियों को शरण नहीं देना और समलैंगिकों का विरोध और उन्हें हक नहीं देना जॉर्जिया के चुनावी एजेंडे थे।
कौन हैं जियोर्जिया मेलोनी
जियोर्जिया मेलोनी का जन्म 15 जनवरी 1977 को हुआ। वह एक इतालवी पत्रकार और पॉलिटिशियन हैं। सेकंड वर्ल्ड वॉर के बाद तानाशाह बेनिटो मुसोलिनी के समर्थकों ने एक आंदोलन शुरू किया था। इसे इटालियन सोशल मूवमेंट नाम दिया गया था। 15 साल की उम्र में मेलोनी ने इसके यूथ विंग में काम किया। मेलोनी के पिता अकाउंटेंट थे। रोम में जन्मीं मेलोनी अंग्रेजी, स्पेनिश और फ्रेंच बोलती हैं। उनकी एक बेटी है, जिसका जन्म 2006 में हुआ।