केंद्र ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) उदय उमेश ललित को पत्र लिखा है। केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने इस पत्र में CJI से उनके उत्तराधिकारी के नाम की सिफारिश करने को कहा है। CJI 8 नवंबर को रिटायर होने वाले हैं। उन्होंने 26 अगस्त, 2022 को चीफ जस्टिस के रूप में शपथ ली थी। CJI के तौर पर उनका कार्यकाल सिर्फ 74 दिन का होगा।
परंपरा के अनुसार, CJI दूसरे सबसे सीनियर जज के नाम की सिफारिश सरकार को भेजते हैं। CJI ललित के बाद दूसरे सबसे सीनियर जज जस्टिस चंद्रचूड़ हैं। ऐसे में जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ 50वें हो सकते हैं। अगर चंद्रचूड़ CJI बनते हैं, तो उनका कार्यकाल 9 नवंबर, 2022 से 10 नवंबर, 2024 तक यानी 2 साल का होगा।
CJI ने अब तक 5000 मामलों का निपटारा किया
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यूयू ललित ने 27 अगस्त को CJI का पदभार संभालने के बाद अब तक कुल 5,000 से ज्यादा मामलों का निपटारा किया है। इनमें 13 कार्य दिवसों में 3500 से अधिक विविध मामलों, 250 से अधिक नियमित सुनवाई मामलों और 1200 से अधिक स्थानांतरण याचिकाओं के मामले शामिल हैं।