देश भर में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) कार्यालयों पर छापेमारी के बाद इस संगठन के समर्थक जगह-जगह प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच महाराष्ट्र के पुणे में शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए गए। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहना है कि छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमि पर राष्ट्र-विरोधी नारे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे
जानकारी के मुताबिक, NIA की टीम ने महाराष्ट्र के पुणे में PFI के ऑफिस पर छापेमारी की। इस दौरान PFI समर्थक कलेक्टर ऑफिस पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करने लगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान वहां मौजूद कुछ कार्यकर्ता देश विरोधी नारे लगाने लगे।
पुणे में विरोध प्रदर्शन के कुछ वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें कुछ लोग ‘अल्लाह हू अकबर’ के साथ ही ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। साथ ही बिना अनुमति प्रदर्शन करते के आरोप में 60-70 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसके अलावा मुख्य आरोपी की पहचान कर ली गई है, जिसका नाम रियाज सैय्यद बताया गया है।