टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने टेनिस स्टार रोजर फेडरर और राफेल नडाल की भावुक तस्वीर पोस्ट करके उसे दुनिया की सबसे खूबसूरत तस्वीर बताया है। विराट ने लिखा- ‘किसने सोचा था कि दो प्रतिद्वंद्वी एक-दूसरे के लिए ऐसा महसूस कर सकते हैं। यही खेल की खूबसूरती है। यह मेरे लिए खेल की दुनिया से जुड़ी सबसे खूबसूरत तस्वीर है। जब आपके साथी आपके लिए आंसू बहा रहे हैं तो आप जानते हैं कि ईश्वर ने जो आपको हुनर दिया है, उसके साथ आप कैसे बेहतर कर पाए। इन दोनों खिलाड़ियों के लिए सम्मान के अलावा कुछ नहीं।’
दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर ने अपना आखिरी मुकाबला राफेल नडाल के साथ खेला। अमेरिका के फ्रांसेस टियाफो और जैक सॉक की जोड़ी ने नडाल और फेडरर की जोड़ी को 4-6, 7-6, 11-9 से हराया। 41 साल के फेडरर मैच खत्म होने के बाद बेहद भावुक हो गए। वो रोते हुए दिखें। इस दौरान करीब दो दशक तक उनके खिलाफ खेले राफेल नडाल भी अपने आंसू को नहीं रोक पाए। दोनों की रोते हुए फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस भावुक तस्वीर पर टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने भी पोस्ट किया है, जिसकी जमकर तारीफ हो रही है।