कांग्रेस में अध्यक्ष के चेहरे पर जारी सियासी सस्पेंस के बीच शुक्रवार को राहुल गांधी का बयान आया है। तमिलनाडु में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल ने कहा कि वे चुनाव लड़ेंगे या नहीं, इस पर चुनाव बाद जवाब देंगे। उन्होंने आगे कहा- मैंने इस पर अपना फैसला कर लिया है, मेरे मन में अब कोई भ्रम नहीं है। चुनाव नहीं लड़ा, तो आपको जवाब दूंगा।
एक सवाल के जवाब में राहुल ने कहा- भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस पार्टी निकाल रही है और मैं पार्टी का मेंबर हूं। इसलिए मैं इस यात्रा में शामिल हूं। उन्होंने कहा- यात्रा का मकसद साफ है, हम देश के लोगों को जोड़ने के लिए निकले हैं। राहुल ने कहा- भारत जोड़ो यात्रा से मुझे इस देश और अपने बारे में समझ आ जाएगी। मैं 2-3 महीने में समझदार हो जाऊंगा।
2019 में छोड़ा था अध्यक्ष का पद
राहुल गांधी 2017 में कांग्रेस के अध्यक्ष बनाए गए थे, लेकिन 2019 में लोकसभा चुनाव हारने के बाद राहुल ने पद से इस्तीफा दे दिया था। राहुल ने कहा था कि कांग्रेस में जिम्मेदारी लेनी होगी, इसलिए मैं पद छोड़ रहा हूं और किसी को अध्यक्ष बनाया जाए।