एशिया कप में भारत का दूसरा लीग मैच। दुबई का स्टेडियम और भारत के सामने थी हांगकांग जैसी कमजोर टीम। ऐसा लगा भारत के बल्लेबाज खूब रन बरसाएंगे। पर शुरुआती ओवरों में हांगकांग के गेंदबाजों ने ऐसा नहीं होने दिया। तेजी से रन बनाने की कोशिश कर रहे कप्तान रोहित शर्मा 21 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, केएल राहुल तो मानों टेस्ट मैच खेल रहे थे। उनका फ्लॉप शो दूसरे मैच में भी जारी रहा। राहुल के बल्ले पर गेंद ही नहीं आ रही थी। जबकि विराट कोहली अपने खोए हुए फॉर्म की तलाश में थे। ऐसे में वो बड़े-बड़े शॉट खेलने से घबरा रहे थे।
केएल राहुल 39 गेंद में 36 रन बनाकर आउट हुए। स्ट्राइक रेट सिर्फ 92.30 का। उनके आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए सूर्यकुमार यादव और बताया कि दुबई की पिच पर कैसे बल्लेबाजी की जाती है।
डिविलियर्स और धोनी की याद दिला दी
जब सूर्या के बल्ले से लंबे-लंबे शॉट निकल रहे थे तो उन्हें देख साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी एबी डिविलियर्स और महेंद्र सिंह धोनी की याद आ गई। उन्होंने अपनी पारी में डिविलियर्स जैसे 360 डिग्री शॉट के साथ-साथ धोनी का हेलीकॉप्टर शॉट भी दिखाया