श्रीलंका से भागने वाले पूर्व राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे अगले हफ्ते देश वापस लौट सकते हैं। श्रीलंका के अखबार डेली मिरर ने गोटबाया के चचेरे भाई के हवाले से लिखा है कि वे 24 अगस्त को देश लौट आएंगे। गोटबाया कोलंबो छोड़कर सिंगापुर भागे थे और उन्होंने वहीं से राष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया था।
2006 से 2015 तक रूस में श्रीलंका के राजदूत रहे वीरातुंगा ने कहा- गोटबाया ने मुझसे फोन पर बात की। मैं आपको बता सकता हूं कि वह अगले हफ्ते देश लौट आएंगे। उन्हें देश लौट ही आना चाहिए। लोग उनका स्वागत करेंगे। लेकिन वो राजनीति में नहीं रहेंगे। उनमें महिंदा राजपक्षे जैसी कोई बात ही नहीं है। वो राजनीति के लिए सही व्यक्तिव नहीं हैं।
सुरक्षा देने की मांग उठी
लोगों के विरोध को देखते हुए सत्ताधारी पार्टी ने श्रीलंका के नए राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे से गोटबाया राजपक्षे की वापसी पर उन्हें सुरक्षा और अन्य मदद देने की मांग की है। हालांकि न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, विक्रमसिंघे को गोटबाया के वापस आने की कोई खबर नहीं है।