अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में शनिवार को महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। ये महिलाएं शिक्षा और काम करने का हक मांग रहीं थीं। इनके हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां थी और वे काम, खाना और आजादी का नारा लगा रही थीं। इन्होंने काबुल में एजुकेशन मिनिस्ट्री की बिल्डिंग के सामने मार्च किया।
महिलाओं के प्रदर्शन को रोकने के लिए तालिबानी लड़ाकों ने हवाई फायरिंग की। महिलाएं जब नहीं रुकी, तो उनके साथ मारपीट भी हुई। यह प्रदर्शन तालिबान की सत्ता में वापसी की सालगिरह पूरी होने के कुछ दिन पहले ही किया गया। बता दें कि तालिबान पिछले साल 15 अगस्त को अफगानिस्तान की सत्ता पर काबिज हुआ था।
महिलाओं का पीछा किया, राइफल की बट से पीटा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 40 महिलाएं प्रदर्शन में शामिल थीं। फायरिंग के बाद उन्होंने पास में मौजूद दुकानों में शरण ली, लेकिन तालिबानी लड़ाकों ने उनका पीछा किया और राइफल की बट से पीटा। कई महिलाओं के फोन भी तोड़ दिए गए।