पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में पोलियो वैक्सीनेशन करने गई टीम पर आतंकी हमला किया गया। 2 पुलिसवालों और एक वैक्सीनेटर की मौत हो गई। वहीं, एक बच्चा घायल हो गया।
घटना पाकिस्तान में राष्ट्रीय पोलियो टीकाकरण अभियान शुरू करने के एक दिन बाद हुई। दुनिया में अब सिर्फ दो देश पोलियो फ्री नहीं हो पाए हैं। इनमें पाकिस्तान के अलावा उसका पड़ोसी अफगानिस्तान शामिल है।
अब तक सामने आए 11 मामले
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान में राष्ट्रीय पोलियो टीकाकरण अभियान खैबर पख्तूनख्वा के नॉर्थ वजीरिस्तान में 11 मामले सामने आने के बाद शुरू किया गया। पोलियो वैक्सीनेशन टीम घर-घर जाकर बच्चों को ओरल वैक्सीन दे रही थी। तभी आतंकियों ने हमला कर दिया। मारे गए 2 पुलिसवालों की पहचान दीन शाहिद और रजा के रूप में हुई है। हमले में घायल हुए बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।