छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में 60 फीट बोरवेल में गिरकर घायल हुआ राहुल साहू अब धीरे-धीरे स्वस्थ्य हो रहा है। बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में भर्ती राहुल का VIDEO सामने आया है, जिसमें वह मोबाइल से गाने सुन रहा है और मुस्कुरा रहा है। मोबाइल में फोटो भी देख रह है। उसके इस VIDEO को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी ट्वीट किया है और छत्तीसगढ़िया अंदाज में कमेंट भी किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है राहुल खेलत हे, हंसत हे, मुस्कुरावत, झुमत हे।
अस्पताल में पांच दिन से भर्ती राहुल साहू की तबीयत में अब काफी सुधार है। अब वह खुद के सहारे धीरे-धीरे बैठने लगा है। उसे सुबह फल दिए जा रहे हैं। 60 फीट से अधिक गहराई में गिरने के कारण उसका शरीर कई जगह से छिल गया है, जिस पर मरहम पट्टी की जा रही है। 10 जून को राहुल बोरवेल के लिए खोदे गए गड्ढे में 60 फीट की गहराई में गिर गया था।
उसे 106 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद 14 जून की रात को सुरक्षित उस गड्ढे से निकाला गया था। तब से राहुल अस्पताल में भर्ती है।