टाटा संस ने कैंपबेल विल्सन को एअर इंडिया का नया MD और CEO बनाया है। एअर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने इस नियुक्ति पर कहा, ‘एअर इंडिया में कैंपबेल का स्वागत करते हुए मुझे खुशी हो रही है। वह इंडस्ट्री के दिग्गज हैं। एअर इंडिया को अनुभव से फायदा मिलेगा। मैं वर्ल्ड क्लास एयरलाइन बनाने में उनके साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं।’
50 साल के विल्सन के पास एविएशन इंडस्ट्री का 26 साल का अनुभव है। इसमें फुल सर्विस और लो-कॉस्ट दोनों एयरलाइन्स शामिल है। उन्होंने सिंगापुर एयरलाइंस (SIA) ग्रुप के लिए जापान, कनाडा और हॉन्गकॉन्ग जैसे देशों में 15 से अधिक वर्षों तक काम किया है। यहां हम आपको ये भी बता दें कि टाटा के स्वामित्व वाली एयरलाइन विस्तारा में SIA भी पार्टनर है।
टाटा ग्रुप का हिस्सा बनना सम्मान की बात
कैंपबेल विल्सन ने कहा, ‘आईकॉनिक एअर इंडिया का नेतृत्व करने और टाटा ग्रुप का हिस्सा बनने के लिए चुना जाना एक सम्मान की बात है। एअर इंडिया दुनिया की बेस्ट एयरलाइन्स में से एक बनने की रोमांचक यात्रा पर है। मैं उस महत्वाकांक्षा को साकार करने के मिशन में एअर इंडिया और टाटा के सहयोगियों के साथ जुड़ने के लिए उत्साहित हूं।’
विल्सन ने 1996 में मैनेजमेंट ट्रेनी के रूप में शुरुआत की थी
विल्सन ने न्यूजीलैंड में कैंटरबरी यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर ऑफ कॉमर्स (फर्स्ट क्लास ऑनर्स) किया है। उन्होंने 1996 में न्यूजीलैंड में सिंगापुर एयरलाइन्स के साथ मैनेजमेंट ट्रेनी के रूप में करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कनाडा, हॉन्ग कॉन्ग और जापान में SIA के लिए काम किया।