कश्मीर के पुलवामा जिले के पाहू इलाके में रविवार को सुरक्षा बलों ने एनकाउंटर में तीन आतंकियों को मार गिराया। मारे गए आतंकियों में से एक का नाम आरिफ उर्फ रेहान है। आरिफ लश्कर-ए-तैयबा का डिप्टी कमांडर था। उसने कुछ महीने पहले इंस्पेक्टर परवेज की उस वक्त हत्या कर दी थी, जब वो नमाज पढ़कर मस्जिद से घर लौट रहे थे।
जम्मू-कश्मीर में यह तीन दिन में चौथा एनकाउंटर है। मारे गए बाकी दोनों आतंकी भी लश्कर से जुड़े बताए गए हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह इस इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद सर्च ऑपरेशन लॉन्च किया गया। इस दौरान आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन आतंकी मारे गए। इलाके को चारों तरफ से घेर लिया गया है।
लश्कर के तीन आतंकी निशाने पर थे- IG विजय कुमार
कश्मीर पुलिस के IG विजय कुमार ने बताया कि लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकी निशाने पर थे। IGP कश्मीर के मुताबिक- एनकाउंटर में आरिफ हजार उर्फ रेहान मारा गया है। वो लश्कर का डिप्टी कमांडर था। उसने इंस्पेक्टर परवेज की मस्जिद के सामने हत्या की थी। इसके अलावा सब इंस्पेक्टर शाहिद और एक मोबाइल शॉप चलाने वाले को भी उसने ही मारा था। उसके खिलाफ श्रीनगर में 7 केस दर्ज थे।