शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव और विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली के बीच इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेशकों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। बीते मार्च महीने में इक्विटी फंड्स में 28,463 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश आया, जो अब तक का रिकॉर्ड है। इससे पहले दिसंबर में 24989 करोड़ के शुद्ध निवेश का रिकॉर्ड था।
फरवरी में आया था 19,705 करोड़ का निवेश
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) के आंकड़ों के मुताबिक, मार्च में म्यूचुअल फंड की अन्य स्कीमों में जहां शुद्ध निकासी का रुख देखने को मिली, वहीं इक्विटी ओरिएंटेड स्कीमों में फरवरी की तुलना में 44.45 फीसदी ज्यादा शुद्ध निवेश आया।
फरवरी के 19,705.27 करोड़ रुपए की तुलना में मार्च में इक्विटी फंड में रिकॉर्ड 28,463 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश हुआ है। इसमें मुख्य भूमिका एसबीआई मल्टी कैप फंड के न्यू फंड ऑफर (एनएफओ) की रही, जिसमें 8170 रुपए का निवेश आया।
बाजार के अवसरों का फायदा उठाने के लिए इक्विटी में निवेश
मोतीलाल ओसवाल एएमसी के चीफ बिजनेस ऑफिसर अखिल चतुर्वेदी के मुताबिक, करेक्शन के दौर में बेहतर वैल्युएशन के लिए बाजार के अवसरों का फायदा उठाने की रिटेल और एचएनआई निवेशकों की दिलचस्पी से ज्यादा निवेश इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में आया है।