मास्को
यूक्रेन के साथ चल रहे तनाव के बीच रूस जोरदार परमाणु अभ्यास करने जा रहा है। इस अभ्यास के दौरान रूस महाविनाशक बलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों का परीक्षण कर सकता है। इस दौरान रूस के परमाणु और परंपरागत हथियारों की विश्वसनीयता को परखा जाएगा। इस अभ्यास के महत्व का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन खुद अभ्यास के दौरान मौजूद रहेंगे। इस महाअभ्यास के दौरान पुतिन का बहुचर्चित परमाणु सूटकेस भी मौजूद रहेगा। यह सूटकेस दुनिया में तीसरा विश्वयुद्ध शुरू कराने की ताकत रखता है।
रूस के पास दुनिया में सबसे ज्यादा 6257 परमाणु बम है जिससे धरती को पलभर में कई बार तबाह किया जा सकता है। रूसी राष्ट्रपति इसी ब्रीफकेश की मदद से परमाणु हथियारों को दागने का आदेश देते हैं। यह परमाणु सूटकेस देखने में साधारण ब्रीफकेस की तरह से लगता है। हालांकि पुतिन का यह परमाणु ब्रीफकेस टॉप सीक्रेट है और साल 2019 में पहली बार पुतिन के इस ब्रीफकेस के अंदर की झलक दुनिया ने देखी थी। इस ब्रीफकेस में लाल और सफेद बटन लगी हुई है। पुतिन इन बटन की मदद से परमाणु हमले का आदेश दे सकते हैं।