इंडियन बैंक एसोसिएशन (IBA) ने बैंक FD को ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए वित्त मंत्रालय के पास प्रस्ताव भेजा है। इसने कहा है कि बजट में इस निवेश के साधन का समय 5 साल से घटाकर 3 साल किया जाए, जिसमें टैक्स की रियायत मिले।
आकर्षक बनाने की मांग
बजट से पहले IBA ने बैंक के फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) को आकर्षक बनाने की मांग की है। इसने कहा है कि पहले तो पांच साल से घटाकर इसका लॉक इन समय 3 साल किया जाए। फिर इसे टैक्स के दायरे में लाया जाए। इसके बाद ही अन्य प्रोडक्ट की तुलना में FD आकर्षक हो पाएगा।
ELSS में 3 साल का लॉक इन समय
दरअसल म्यूचुअल फंड की इक्विटी लिंक्ड सेविंग स्कीम यानी ELSS में 3 साल का लॉक इन समय होता है। 3 साल से पहले इसे निकाले जाने पर टैक्स पूरा लगता है। उसके बाद इस पर सालाना 1.5 लाख रुपए के टैक्स का फायदा मिलता है। यही नहीं, अगर आप एक साल में इस पर एक लाख का फायदा कमाते हैं तो आपको इस पर कोई टैक्स नहीं देना होता है।
टैक्स बचत FD में भी तीन साल का लॉक इन समय
IBA ने कहा है कि इसी आधार पर टैक्स बचाने वाले बैंक FD में भी तीन साल का लॉक इन समय होना चाहिए। इससे बैंक में ज्यादा पैसा लोग रखेंगे। हाल के समय में बैंकों ने FD पर मिलने वाले ब्याज का रेट कम कर दिया है। यह 10 सालों के निचले स्तर पर है। बड़े बैंक तो अब 5-6% ही ब्याज देते हैं।