15 अगस्त से अफगानिस्तान की हुकूमत पर काबिज तालिबान ने अपने खतरनाक इरादे फिर जािहर कर दिए हैं। तालिबान ने कहा है कि इस्लामिक एमिरेट्स ऑफ अफगानिस्तान (तालिबान ने अफगानिस्तान को यही नया नाम दिया है) की नई फौज तैयार की जा रही है और इसमें फिदायीन हमलावर भी शामिल होंगे। हालांकि, इसके साथ ही उसने एक और चौंकाने वाली बात कही। तालिबान के मुताबिक, अगर जरूरत हुई तो महिलाएं भी तालिबान फौज का हिस्सा होंगी। तालिबान ने पहली बार अपनी फौज को लेकर बयान दिया है।
नई फौज बनाने की तैयारी
तालिबान की तरफ से फौज के बारे में बयान उनके प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने दिया। मुजाहिद सूचना और प्रसारण मंत्रालय में उपमंत्री भी हैं। मंगलवार को मीडिया से बातचीत में मुजाहिद ने कहा- अफगानिस्तान की नई फौज तैयार की जा रही है। इसमें हम फिदायीन हमलावरों को भी शामिल कर रहे हैं। इसकी एक पूरी बटालियन बनाई जा रही है। ये डिफेंस मिनिस्ट्री के अंडर काम करेगी। अगर फौज को जरूरत महसूस होती है तो महिलाओं को भी इसमें शामिल किया जा सकता है। अगर पुरानी फौज के कुछ स्पेशलिस्ट फिर से देश की सेवा करना चाहते हैं तो उन्हें भी इसमें शामिल किया जा सकता है।