छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में असिस्टेंट प्रोफेसर पर गंभीर आरोप लगे हैं। छात्राओं ने प्रोफेसर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हम इस मामले में कई बड़े सीनियर अधिकारियों से शिकायत भी कर चुके हैं, फिर भी कोई ध्यान नहीं दे रहा। इसी बात से नाराज छात्र और छात्राओं ने अब कॉलेज के गेट पर ताला जड़ दिया है और पिछले 4 घंटे से कॉलेज गेट के सामने स्टूडेंट्स का धरना जारी है। छात्रों ने प्रबंधन पर रिश्वत मांगने का भी आरोप लगाया है।
यह पूरा मामला फिंगेश्वर में संचालित फणीकेश्वर नाथ सरकारी कॉलेज का है। यहां पढ़ाने वाले एक असिस्टेंट प्रोफेसर पर संगीन आरोप लगे हैं। कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं ने बताया कि प्रोफेसर हमेश गलत हरकत करते हैं। हमें बैड टच किया जाता है। छात्राओं ने बताया कि हमने पहले पुलिस से इसलिए शिकायत नहीं की थी क्योंकि इससे कॉलेज की ही बदनामी होती। लेकिन हम अब पुलिस से भी इस मामले की शिकायत करेंगे। हमने उच्च शिक्षा विभाग के बड़े अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था। मैनेजमेंट में भी शिकायत कर चुके हैं। मगर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।