पंजाब में चुनावी माहौल के बीच केंद्र सरकार ने गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व से दो दिन पहले करतारपुर कॉरिडोर खोलने की घोषणा कर दी। इसी दिन से करतारपुर जाने के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व 19 नवंबर को है। पहले जत्थे में 250 श्रद्धालु पाकिस्तान जाएंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, “देश 19 नवंबर को गुरु नानक देव का प्रकाश उत्सव मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री @NarendraModi की सरकार के करतारपुर साहिब कॉरिडोर को फिर से खोलने के फैसले से पूरे देश में आनंद और उत्साह को और बढ़ावा मिलेगा।’
कोरोना नियमों का पालन जरूरी
तकरीबन 20 महीनों के बाद करतारपुर कॉरिडोर खुला तो इसके लिए सबसे अहम शर्त कोरोना गाइडलाइंस के पालन की होगी। इसके लिए कोविड वैक्सीनेशन की दोनों डोज लगवाने के अलावा 72 घंटे से कम समय की RT-PCR टेस्ट की रिपोर्ट भी देनी होगी।
अब तक की गाइडलाइंस के अनुसार करतारपुर साहिब की वीजा फ्री यात्रा के लिए भारत का कोई भी 13 से 75 साल का नागरिक या अप्रवासी भारतीय यात्रा पर जा सकता है। इसके लिए ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा। पंजीकरण के बाद नोटिफिकेशन प्राप्त होगा और यात्रा के लिए 20 डॉलर यानी करीब 1400 रुपए फीस देनी होगी। नई घोषणा के बाद अभी तक कोई नई गाइडलाइन नहीं आई है।