छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव और IAS अफसर डॉ आलोक शुक्ला के वॉट्सऐप स्टेटस ने खलबली मचा दी है। स्टेटस में IAS अफसर ने लिखा कि मेरा फोन टैप हो रहा है अपने रिस्क पर ही मुझे मैसेज करें। प्रदेश के प्रमुख सचिव स्तर के इस अफसर के जासूसी वाले स्टेटस के स्क्रीनशॉट अब तेजी से वायरल हो रहे हैं। आखिर जासूसी वाले इस स्टेटस के पीछे की कहानी क्या है? इसे लेकर दैनिक भास्कर से आलोक शुक्ला ने बातचीत की।
वरिष्ठ IAS अफसर आलोक शुक्ला ने दैनिक भास्कर को बताया कि यह सिर्फ एक मजाक है। उन्होंने मजाकिया लहजे में यह बात लिखी है। दुनिया भर में टेक्नॉलजी और डेटा की सिक्योरिटी पर पहले ही कई तरह के सवाल उठते रहे हैं। इसे लेकर आलोक शुक्ला ने कहा- मेरा क्या वैसे तो पूरी दुनिया के फोन निगरानी में है। मैंने इसे सिर्फ मजाक के तौर पर लिखा है और इसे मजाक के तौर पर ही लिया जाए।
नान घोटाले में शामिल था नाम
डॉक्टर आलोक शुक्ला जब नागरिक आपूर्ति निगम में अफसर थे, तब प्रदेश में नान घोटाला भी सामने आया था। फर्जी राशन कार्ड से कई टन राशन बांटे जाने जैसे आरोप लगे थे। तब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी। भाजपा सरकार पर कांग्रेस ने कई आरोप लगाए थे। आलोक शुक्ला को तब पद से हटा दिया गया था। 2018 में प्रदेश की सियासी हालात बदले, कांग्रेस सत्ता में आई और फिर से आलोक शुक्ला को प्रमुख पद दिए गए। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी आलोक शुक्ला के खिलाफ कई तरह के सवाल भी उठाती रही है।