शारजाह
दासुन शनाका और वानिंदु हसरंगा के संघर्ष के बावजूद श्रीलंकाई टीम वनडे वर्ल्ड कप इंग्लैंड के विजयी अभियान को नहीं रोक सकी। जोस बटलर के पहले शतक की मदद से इंग्लैंड ने श्रीलंका को 26 रनों से हराते हुए टी-20 वर्ल्ड कप-2021 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनने का गौरव हासिल कर लिया।
मैच में इंग्लैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 4 विकेट 163 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंकाई टीम 19 ओवर में सभी विकेट पर 137 रन ही बना सकी। इस तरह इंग्लैंड ने टूर्नामेंट में अपने सभी 4 मैच जीतते हुए 8 अंकों के साथ सेमीफाइनल के लिए क्वॉलिफाइ कर लिया है।
इससे पहले जोस बटलर के पहले टी20 शतक और कप्तान इयोन मोर्गन के साथ शतकीय साझेदारी की मदद से इंग्लैंड ने शुरूआती झटकों से उबरते हुए श्रीलंका के खिलाफ टी20 विश्व कप सुपर 12 चरण के मैच में चार विकेट पर 163 रन बनाये। पहले बल्लेबाजी के लिये भेजी गई इंग्लैंड टीम ने 35 रन पर तीन विकेट गंवा दिये। इसके बाद बटलर ने 67 गेंद में नाबाद 101 रन और मोर्गन ने 36 गेंद में 40 रन की पारी खेली।
दोनों ने चौथे विकेट के लिये 78 गेंद में 112 रन बनाये। इंग्लैंड ने दूसरे ही ओवर में सलामी बल्लेबाज जैसन रॉय (नौ) का विकेट गंवा दिया। लेग स्पिनर वानिंदु हसरंगा डिसिल्वा ने 21 रन देकर तीन विकेट लिये। इससे पहले उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हैट्रिक बनाई थी। इंग्लैंड ने जल्दी ही दो विकेट और गंवा दिये। डेविड मालन (छह) को पहले दुष्मंता चामीरा ने तीसरे ओवर में आउट किया जबकि दो ओवर बाद जॉनी बेयरस्टो (0) को डिसिल्वा ने पगबाधा आउट किया। श्रीलंका को रिव्यू पर यह सफलता मिली।