स्टील और कॉपर समेत ज्यादातर मेटल की कीमत बढ़ने, सेमीकंडक्टर चिप की किल्लत और कार्गो का किराया बढ़ने से कंज्यूमर ड्यूरेबल कंपनियों की लागत में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, त्योहारों में अच्छी मांग को देखते हुए कंपनियों ने फिलहाल अपने उत्पादों के दाम नहीं बढ़ाए हैं। हालांकि, इंडस्ट्री सूत्रों का कहना है कि कंपनियां दिवाली के बाद दामों में चरणबद्ध इजाफा करेंगी।
त्योहारों के बाद कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स के दाम 7 से 10% तक बढ़ने की संभावना है। कई कंज्यूमर ड्यूरेबल निर्माता कंपनियों का कहना है कि त्योहारों की वजह से उन्होंने दाम बढ़ाने से परहेज किया है, लेकिन नवंबर के बाद दाम बढ़ाने पर विचार हो रहा है।
चीन से आयात होने वाले कम्पोनेंट का भाड़ा चार से पांच गुना बढ़ा
गोदरेज अप्लायंसेस के एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट कमल नंदी ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि पिछले कुछ महीनों से कमोडिटी के दाम 22% तक बढ़ गए हैं। चीन से आयात होने वाले कम्पोनेंट के लिए फ्रेट चार्ज चार से पांच गुना तक बढ़ गया है, लेकिन कंपनियों ने इसकी तुलना में दाम बहुत अधिक नहीं बढ़ाए हैं। त्योहारों के बाद बढ़े हुए दामों का बोझ उपभोक्ताओं पर डालना कंपनियों की मजबूरी होगा। त्योहारों के बाद चरणबद्ध तरीके से 5 से 10 फीसदी तक दाम बढ़ाए जा सकते हैं।