देश की संसद में महिलाओं को 33% आरक्षण देने की बात दो दशक से चल रही है। आज तक महिला आरक्षण बिल सांसद में कानून की शक्ल नहीं ले पाया। अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी में 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले 40% टिकट महिलाओं को देने का ऐलान कर इस डिबेट को और आगे बढ़ा दिया है। उन्होंने इस बात का भी जिक्र किया कि यूपी में आरक्षण बढ़ेगा तो देश भी बढ़ेगा।
फिलहाल, प्रियंका गांधी भारतीय राजनीति में इतिहास रचने जा रही हैं, क्योंकि देश में पहली बार किसी राष्ट्रीय पार्टी ने 40% टिकट महिलाओं को देने का ऐलान किया है। कांग्रेस यूपी की 403 सीटों में से 161 सीटों पर कांग्रेस महिला कैंडिडेट उतारने जा रही है।
टिकट के लिए आवेदन मांगे
इस ऐलान के साथ ही प्रियंका यूपी की पोस्टर वुमन भी बन गई हैं। उन्होंने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक नया नारा भी दिया है- ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’। ये नारा अब यूपी चुनाव का ट्रंप कार्ड बन सकता है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि इसके लिए हमने आवेदन पत्र मांगे हुए हैं, 15 नवंबर तक आवेदन खुला रहेगा। प्रियंका ने कहा कि मेरा बस चलता तो मैं 50 प्रतिशत टिकट दे देती। अगली बार हो भी सकता है कि ये नंबर बढ़ जाए। यूपी में आरक्षण बढ़ेगा तो देश में भी बढ़ेगा।
2017 में कांग्रेस ने 11 महिलाओं को टिकट दिया था
2017 के यूपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, सपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। तब कांग्रेस ने अपने कोटे के 114 सीटों में 11 महिलाओं को टिकट दिया था। भाजपा 384 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और 43 महिला उम्मीदवार उतारे थे। सपा ने 33 और बसपा 19 महिलाओं को टिकट दिया था।