रायपुर
छत्तीसगढ़ के जशपुर में शुक्रवार को एक कार से कुचले गए गौरव अग्रवाल के परिवार को राज्य सरकार की ओर से 50 लाख रुपये सहायता राशि दी जाएगी। यह जानकारी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दी है। जशपुर के पत्थलगांव में शुक्रवार दोपहर हुए इस हादसे में गौरव अग्रवाल की मौत हो गई थी जबकि 17 लोग घायल हुए थे।
सीएम बघेल ने शनिवार सुबह ट्वीट कर कहा कि घटना के दोनों आरोपियों को कल ही गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस प्रशासन ने टीआई को लाइन अटैच कर दिया है जबकि एसआई को सस्पेंड किया है। उन्होंने बताया कि गौरव अग्रवाल के परिजनों को सरकार 50 लाख रुपये की सहयोग राशि देगी।
जशपुर के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दुर्गा विसर्जन के लिए जा रहे लोगों को पीछे से आ रही एक वाहन ने कुचल दिया था। घटना के वीडियो सामने आने के बाद इसकी तुलना करीब एक सप्ताह पहले यूपी के लखीमपुर खीरी में किसानों के साथ हुई हिंसा से की जा रही है। लखीमपुर में विरोध कर रहे किसानों को एक एसयूवी से कुचल दिया गया था। इस घटना में चार किसानों की मौत हो गई थी।
जशपुर में हुए कांड के दोनों आरोपियों को ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया था। उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया था। दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और गांजा तस्कर बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक आरोपी गांजा लेकर एमपी से ओडिशा जा रहे थे। वे छत्तीसगढ़ से निकल रहे थे, जब ये हादसा हुआ। उनकी गाड़ी से काफी मात्रा में गांजा भी बरामद हुआ।