प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन अर्बन 2.0 और अमृत 2.0 प्रोग्राम की शुक्रवार को शुरुआत की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मोदी ने कहा कि स्वच्छता अभियान को मजबूती देने का बीड़ा अब नई पीढ़ी ने उठा लिया है। आज बच्चे चॉकलेट के रैपर फेंकते नहीं बल्कि जेब में रख लेते हैं और गंदगी फैलाने पर बड़ों को भी टोकते हैं।
मोदी ने कहा कि साफ-सफाई के मामले में युवा पहल कर रहे हैं। कुछ वेस्ट से भी कमाई कर रहे हैं तो कई जागरुकता फैला रहे हैं। सूखे और गीले कचरे को अलग करने के लिए लोग जागरुक हो गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन से दूसरे फेज में शहरों से कूड़े के पहाड़ पूरी तरह हटाए जाएंगे। मोदी ने केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी से कहा कि ऐसा ही एक पहाड़ लंबे समय से दिल्ली में भी है, यह भी हटने का इंतजार कर रहा है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक स्वच्छ भारत मिशन और अटल मिशन को सभी शहरों को कचरा मुक्त बनाने और जल संरक्षण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए तैयार किया गया है। अटल मिशन के दूसरे चरण का लक्ष्य करीब 2.64 करोड़ सीवर कनेक्शन और करीब 2.68 करोड़ नल कनेक्शन देना है। साथ ही 500 अमृत शहरों में सीवरेज और सेप्टेज को 100% कवरेज करते हुए करीब 4,700 शहरी स्थानीय निकायों में सभी घरों में पीने के पानी की सप्लाई करना है। इससे शहरी क्षेत्रों में 10.5 करोड़ से ज्यादा लोगों को फायदा होगा।