तंजानिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाए। जवाब में मोजाम्बिक की टीम सिर्फ 28 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस मैच को तंजानिया ने 200 रन से जीत लिया। तंजानिया की ओर से ओपनर बल्लेबाज फातुमा किबासु ने 62 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। उन्होंने 35 गेंद का सामना किया और 10 चौके लगाए। इनके अलावा चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरीं मवाडी स्वीडी ने 48 गेंदों पर नाबाद 87 रन बनाए। उन्होंने पारी में 11 चौके लगाए। मोजाम्बिक के गेंदबाजों ने 35 अतिरिक्त रन भी दिए। इसमें 30 वाइड रन शामिल थे।महिला क्रिकेट की बात की जाए तो 5वीं बार किसी टीम ने टी20 इंटरनेशनल मुकाबला 200 या उससे अधिक रन से जीता है। सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड युगांडा के नाम है। उसने 2019 में माली को 304 रन से शिकस्त दी थी। तंजानिया ने 2 बार ऐसा किया है। इससे पहले टीम ने 2019 में माली को 268 रन से हराया था। इसके अलावा बांग्लादेश ने मालदीव को 249 रन से और रवांडा ने माली को 216 रन से हराया है।