पिछले साल नवंबर में हुए प्रेसिडेंट इलेक्शन में जो बाइडेन के हाथों शिकस्त खाने वाले अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प 2024 में फिर चुनाव मैदान में उतरने का मन बना रहे हैं। इस बीच खबर है कि ट्रम्प की पत्नी मेलानिया उनके इस फैसले से खुश नहीं हैं। दावा किया जा रहा है कि अगर ट्रम्प मैदान में उतरे तो मेलानिया उनका समर्थन नहीं करेंगी।
व्हाइट हाउस नहीं लौटना चाहतीं मेलानिया
CNN ने मेलानिया के एक करीबी सूत्र के हवाले से दावा किया है कि पूर्व प्रथम महिला व्हाइट हाउस में गुजारे गए वक्त को अब भूल जाना चाहती हैं। वे व्हाइट हाउस नहीं लौटना चाहतीं। यही वजह है कि वे नहीं चाहतीं कि ट्रम्प दूसरे कार्यकाल के लिए चुनाव मैदान में उतरें। मेलानिया के मुताबिक- व्हाइट हाउस उनके लिए अतीत का हिस्सा है। वे इसे पति की राजनीतिक महात्वाकांक्षा मानती हैं और इसको समर्थन देने के लिए तैयार नहीं हैं।
ट्रम्प के चुनाव हारने के फौरन बाद मेलानिया ने व्हाइट हाउस छोड़ने की तैयारी कर ली थी। अब वे बेटे के साथ आलीशान मार-ए-लेगो रिसॉर्ट में रहती हैं। वॉशिंटन के ट्रम्प टॉवर में भी उनके पास पेंटहाउस है। मेलानिया व्हाइट हाउस से निकलने के बाद से लोप्रोफाइल लाइफ जी रही हैं।