Google Analytics Meta Pixel

लोकपाल अपीलीय प्राधिकरण के सदस्यों, लोकपालों व शिकायत निवारण समन्वयकों के लिए 10 अगस्त से 13 अगस्त तक कार्यशाला

दक्षिणापथ,रायपुर। ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा द्वारा मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) के अंतर्गत नियुक्त लोकपाल अपीलीय प्राधिकरण के सदस्यों, लोकपालों तथा शिकायत निवारण समन्वयकों के लिए 10 अगस्त से 13 अगस्त तक कार्यशाला आयोजित की गई है। रायपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, गरियाबंद, महासमुंद, धमतरी, दुर्ग, बेमेतरा, बालोद, कबीरधाम, राजनांदगांव, कोरबा, बिलासपुर, मुंगेली और जांजगीर-चांपा के अधिकारियों को 10 अगस्त और 11 अगस्त को कार्यशाला में प्रशिक्षण दिया जाएगा। रायगढ़, कोरिया, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, जशपुर, बस्तर, कोंडागांव, नारायणपुर, कांकेर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर के अधिकारियों के लिए 12 अगस्त और 13 अगस्त को कार्यशाला आयोजित की गई है।
ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान ने सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को परिपत्र जारी कर कार्यशाला में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी प्रतिभागियों को कोविड-19 संबंधी प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने कहा गया है। प्रतिभागियों को प्रशिक्षण में शामिल होने के पहले 72 घंटे के भीतर आरटीपीसीआर जांच कराना आवश्यक है। जांच के बाद निगेटिव रिपोर्ट के आधार पर ही प्रशिक्षण की अनुमति दी जाएगी। प्रतिभागियों को कार्यशाला के एक दिन पहले शाम तक संस्थान में उपस्थित होने कहा गया है।