छत्तीसगढ़ के कवर्धा में बुधवार तड़के तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रक में लदा सरिया केबिन फाड़कर बाहर निकल गया। इसके चलते ड्राइवर और खलासी उसी में फंस गए। पुलिस ने करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद दोनों की जान बचा ली। खास बात यह रही कि ड्राइवर के पैर में और खलासी को अंदरूनी चोट ही लगी है। दोनों सुरक्षित हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, रायपुर से लोहे की सरिया लोड कर एक ट्रक मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रहा था। ट्रक सुबह करीब 5 बजे नेशनल हाईवे-30 पर चिल्फी घाटी से करीब 3 किमी आगे पहुंचा था कि ग्राम अकल गरिमा मोड़ पर अनियंत्रित हो गया। इसके बाद 100 मीटर नीचे खेत में पलट गया। ट्रक पर लदी सरिया केबिन तोड़ते हुए पूरे खेत में फैल गई और ड्राइवर और खलासी अंदर ही फंस गए। वहां से निकल रहे अन्य वाहनों ने पुलिस को सूचना दी।
JCB की मदद से दोनों को निकाला गया बाहर
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और JCB की मदद से सरिया को हटाया गया। करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद ड्राइवर और खलासी को बाहर निकाला जा सका। हादसे में ड्राइवर के दाहिने पैर में चोट आई है, जबकि खलासी को अंदरूनी चोटे लगी हैं। हालांकि दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से बोड़ला अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों रोहित अनुरागी (24) और रोहित राय (19) मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं।